शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई यूपी बोर्ड परीक्षा, कई परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
रिपोर्ट : विनोद कुमार | सोनबरसा बाजार, जगदीशपुर
गोरखपुर।
जगदीशपुर क्षेत्र के विभिन्न इंटर कॉलेजों में यूपी बोर्ड की परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों कक्षाओं में हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जो बिना किसी व्यवधान के पूरी हुई। हालांकि, विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दर्जनों परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामदेई देवी कन्या इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 489 छात्राओं में से 31 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहीं। वहीं हाईस्कूल परीक्षा में 368 छात्राओं ने परीक्षा दी, जबकि 27 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुईं।
इसी प्रकार लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में हाईस्कूल के 382 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 21 छात्र परीक्षा में अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट वर्ग में 423 में से 11 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
दोनों पालियों में परीक्षा केंद्रों पर शांति व्यवस्था बनी रही। प्रशासन और केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा के दौरान नकल या अव्यवस्था की कोई शिकायत सामने नहीं आई।