विदेश में काम कर रहे लोगों के निरस्त होंगे राशन कार्ड | यूपी सरकार का बड़ा फैसला
लखनऊ ब्यूरो
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा बैठक में बड़ा निर्णय लिया है। अब विदेश में नौकरी या कारोबार कर रहे लोगों के राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे। साथ ही जिन लोगों की आय निर्धारित मानक से अधिक है, उन्हें भी अपात्र मानते हुए सूची से बाहर किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि मृत व्यक्तियों के नाम पर चल रहे राशन कार्ड तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएं। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक जिले में पात्रता की गहन जांच कर सूची को अपडेट करें।
वर्तमान में उत्तर प्रदेश में लगभग 3.59 करोड़ राशन कार्डधारक परिवार हैं, जिनके जरिए करीब 15 करोड़ से अधिक लोग सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से लाभान्वित हो रहे हैं। सरकार का मानना है कि कई अपात्र लोग इस योजना का फायदा उठा रहे हैं, जिससे वास्तविक गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न की आपूर्ति प्रभावित होती है।
गौरतलब है कि पिछले साल भी खाद्य एवं रसद विभाग ने बड़े पैमाने पर सत्यापन अभियान चलाकर लाखों अपात्र राशन कार्ड निरस्त किए थे। इस बार का अभियान और सख्त होगा, ताकि वितरण व्यवस्था पारदर्शी और प्रभावी बनाई जा सके।