मंगल ग्रह पर नजर आई रहस्यमयी 'हरी रोशनी', पर्सिवियरेंस रोवर ने सुलझाया राज
मंगल ग्रह वैज्ञानिकों के लिए हमेशा से ही आकर्षण का केंद्र रहा है। हाल ही में मंगल के वातावरण में हरे रंग की रोशनी यानी ऑरोरा को लेकर नई जानकारी सामने आई है। पृथ्वी पर ऑरोरा आम तौर पर केवल ध्रुवीय क्षेत्रों में दिखाई देती है, लेकिन मंगल ग्रह पर यह रोशनी पूरे ग्रह के आकाश में फैल सकती है। इसका कारण मंगल का कमजोर चुंबकीय क्षेत्र है।
धरती पर ऑरोरा सूर्य से आने वाले चार्ज्ड कणों और पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र के टकराने से बनती है। चुंबकीय क्षेत्र इन कणों को ध्रुवों की ओर मोड़ता है, जिससे केवल उत्तर और दक्षिण ध्रुवों पर ही रोशनी नजर आती है। वहीं मंगल ग्रह ने कई लाख साल पहले अपना मजबूत चुंबकीय क्षेत्र खो दिया था, इसलिए यहां की ऑरोरा पूरे आकाश में देखने को मिलती है।
NASA के पर्सिवियरेंस रोवर ने पहली बार मंगल ग्रह पर इस प्रकार की ऑरोरा को रिकॉर्ड किया। यह घटना मंगल ग्रह की सतह से देखी और दस्तावेज की गई पहली घटना है।
वैज्ञानिकों का मानना है कि इस खोज से मंगल ग्रह के वातावरण और सूर्य के साथ इसके संबंधों को बेहतर समझने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही भविष्य में मंगल पर जाने वाले मिशनों के लिए भी यह जानकारी उपयोगी साबित हो सकती है।
मार्च 2024 में NASA ने मंगल से जुड़ी दूसरी खोजों की भी घोषणा की थी, जिससे ग्रह की रहस्यमयी घटनाओं की तस्वीर और स्पष्ट हो रही है।
---