झंगहा में नाली ओवरफ्लो से जनजीवन बेहाल, सड़क पर जलभराव से दुर्घटनाओं का खतरा
2021 में बनी नाली बनी परेशानी का कारण, दुर्गंध व मच्छरों से बीमारी का डर
महेंद्र चौधरी झंगहा गोरखपुर
झंगहा (गोरखपुर)। क्षेत्र में नाली की बदहाल व्यवस्था ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया है। जिला पंचायत फंड से वर्ष 2021 में महाजन निषाद के घर से मस्जिद तक लगभग 200 मीटर लंबी नाली का निर्माण कराया गया था, जिसका उद्देश्य जल निकासी की समुचित व्यवस्था करना था। लेकिन रखरखाव के अभाव में नाली की निकासी पूरी तरह बाधित हो चुकी है।
नाली का पानी ओवरफ्लो होकर मस्जिद से लेकर प्रभुनाथ गुप्ता के घर के पास सड़क पर फैल रहा है। इससे राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार जलभराव के कारण सड़क फिसलन भरी हो गई है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों व पैदल चलने वालों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमा गंदे पानी से तेज दुर्गंध उठ रही है। इससे आसपास के घरों में रहने वाले परिवारों को गंभीर परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, जलजमाव मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल स्थिति पैदा कर रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
यह मार्ग झंगहा चौराहा होते हुए मां तरकुलहा मंदिर के रास्ते देवरिया मार्ग को जोड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शासन-प्रशासन के अधिकारी भी इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से नाली की तत्काल सफाई कराने, अवरोध हटाने और स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आमजन को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।