भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती मनाई, स्वच्छता व शिक्षा के संदेश पर हुआ विमर्श
कृपा शंकर चौधरी ब्यूरो गोरखपुर
गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा महानगर गोरखपुर के तत्वावधान में राप्तीनगर मंडल अंतर्गत गंगा टोला, बशारतपुर में महान संत एवं समाज सुधारक संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती के अवसर पर संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संत गाडगे महाराज के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग मझवार ने कहा कि राष्ट्र संत गाडगे बाबा स्वच्छता अभियान के प्रणेता होने के साथ-साथ महान समाज सुधारक थे। उन्होंने अपने जीवन में सामाजिक कुरीतियों और अंधविश्वास के विरुद्ध संघर्ष किया तथा शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता को आंदोलन का रूप दिया।
क्षेत्रीय महामंत्री दीपक कुमार ने कहा कि संत गाडगे महाराज का स्पष्ट संदेश था कि चाहे घर का बर्तन बिक जाए या रोटी हाथ में लेकर खाना पड़े, लेकिन बच्चों को शिक्षा अवश्य दिलाई जाए। वहीं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमृतलाल भारती ने कहा कि संत गाडगे महाराज ने समाज से छुआछूत और कुरीतियों को दूर करने के साथ-साथ बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।
क्षेत्रीय मंत्री सुचीता पासवान ने संत गाडगे महाराज की भूमिका को सामाजिक उत्थान में अतुलनीय बताया। मीडिया प्रभारी इंजीनियर बृजमोहन ने कहा कि संत गाडगे बाबा ने कीर्तन के माध्यम से अंधविश्वास और गंदगी के खिलाफ जन-जागरण किया तथा यह संदेश दिया कि ईश्वर पत्थरों में नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और स्वच्छता में निवास करता है।
कार्यक्रम का आयोजन महानगर उपाध्यक्ष अनिल कनौजिया के नेतृत्व में किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महानगर उपाध्यक्ष अखिलेश आर्या ने किया। इस अवसर पर प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी राजेंद्र पासवान, महामंत्री दुर्गेश कोरी, मंडल अध्यक्ष रिंकू भारती सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।