भारत की शेरि सिंह बनीं मिसेज यूनिवर्स 2025, रचा इतिहास
डेस्क न्यूज़
नई दिल्ली। भारत ने एक बार फिर दुनिया के मंच पर अपनी पहचान दर्ज कराई है। उत्तर प्रदेश की शेरि सिंह ने मिसेज यूनिवर्स 2025 का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया है। यह पहली बार है जब किसी भारतीय महिला ने यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया है।
यह प्रतियोगिता फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित हुई, जिसमें करीब 120 देशों की विवाहित महिलाओं ने हिस्सा लिया। विभिन्न दौरों में प्रतिभागियों की प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और सामाजिक सोच की परीक्षा ली गई।
शेरि सिंह ने फाइनल राउंड में महिला सशक्तिकरण और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता जैसे विषयों पर प्रभावशाली वक्तव्य दिया। उनके आत्मविश्वास, सामाजिक दृष्टिकोण और संवेदनशीलता ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया, जिसके बाद उन्हें मिसेज यूनिवर्स 2025 का ताज पहनाया गया।
पुरस्कार ग्रहण करते हुए शेरि सिंह ने कहा, “यह सम्मान केवल मेरा नहीं, पूरे भारत की उन महिलाओं का है जो हर दिन संघर्ष करते हुए समाज में बदलाव ला रही हैं।”
फिलहाल देशभर से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। सामाजिक संगठनों ने भी इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।