नेपाल में अनैतिक गतिविधियों में पकड़े गए 8 भारतीय, नेपालगंज के चार होटलों पर पुलिस का छापा
डेस्क न्यूज़
नेपालगंज (नेपाल)। पड़ोसी देश नेपाल से बड़ी खबर सामने आई है। नेपाल पुलिस ने नेपालगंज के चार होटलों पर अनैतिक गतिविधियों के आरोप में छापा मारते हुए 45 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 8 भारतीय नागरिक शामिल हैं।
बांके पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई मिलन कॉटेज, भेरी कर्णाली होटल, रिवरसाइड होटल और दंगाली होटल में की गई। छापे के दौरान पुलिस ने कई जोड़ों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। गिरफ्तार लोगों में 31 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए भारतीय नागरिक उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस ने होटल मैनेजरों और महिलाओं को लाने वाले दलालों को भी हिरासत में लिया है। सभी से थाने में पूछताछ की जा रही है।
नेपाल पुलिस ने कहा कि सीमा क्षेत्रों में अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।