सीनियर नेशनल कुश्ती में पुष्पा यादव को रजत पदक, जिले का नाम रोशन
रिपोर्ट: विनोद कुमार | सोनबरसा बाजार एवं जगदीशपुर, गोरखपुर
गोरखपुर/जगदीशपुर।
जगदीशपुर क्षेत्र के माड़ापार निवासी अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान पुष्पा यादव ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से क्षेत्र और जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने सीनियर नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया है।
रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में गुजरात में 12 से 14 दिसंबर 2025 तक आयोजित सीनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में पुष्पा यादव ने महिला वर्ग (डब्ल्यूडब्ल्यू) 59 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
पुष्पा की इस उपलब्धि पर खेल जगत और क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी सफलता पर कुशीनगर जिला कुश्ती संघ के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ‘दीपू’, भारतीय कुश्ती संघ के कोच चंदविजय सिंह, सुमेर यादव, पलटू यादव, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र मोहन सहित अनेक खेल प्रेमियों व गणमान्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पुष्पा यादव की इस उपलब्धि को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया जा रहा है।