ग्राम सभा गहिरा में सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, मुख्यमंत्री से की गई शिकायत
कृपा शंकर चौधरी ब्यूरो गोरखपुर
गोरखपुर। तहसील सदर अंतर्गत ग्राम गहिरा स्थित ग्राम सभा की कीमती सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और प्लाटिंग किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामवासियों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर जांच, सीमांकन और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि ग्राम गहिरा स्थित गाटा संख्या 1286, रकबा 1.0280 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में बंजर के मद में सुरक्षित सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। यह भूमि गोरखपुर-देवरिया मार्ग के किनारे स्थित होने के कारण अत्यंत महत्वपूर्ण है। आरोप है कि कुछ भूमाफियाओं द्वारा संबंधित राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से इस भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है तथा उस पर रास्ता बनाकर प्लाटिंग कर कॉलोनी विकसित की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे ग्राम सभा की अमूल्य सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग हो रहा है और भविष्य में कानून-व्यवस्था की गंभीर समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। जबकि प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं, इसके बावजूद खुलेआम अवैध गतिविधियां जारी रहना चिंताजनक है।
प्रार्थियों ने मांग की है कि गाटा संख्या 1286 का शीघ्र सीमांकन कराकर अवैध कब्जा हटाया जाए, अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगे तथा दोषी भूमाफियाओं और संलिप्त राजस्व कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस मामले की जानकारी राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष, जिलाधिकारी गोरखपुर एवं उप जिलाधिकारी सदर को भी दी गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि शासन स्तर से शीघ्र संज्ञान लेकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जाएगा।