महाशिवरात्रि पर शिवालय में नाग देवता का दिव्य दर्शन, गेहुअन सर्प बना आस्था का केंद्र
रिपोर्ट - विनोद कुमार सोनबरसा बाजार गोरखपुर
गोरखपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था और श्रद्धा से जुड़ा एक अद्भुत दृश्य सामने आया। गोरखपुर के मड़ापार स्थित शिव मंदिर में बुधवार की सुबह उस समय भक्तों में कौतूहल और भक्ति का भाव उमड़ पड़ा, जब मंदिर परिसर में एक गेहुअन सर्प फन फैलाए हुए विराजमान दिखाई दिया।
बताया गया कि महाशिवरात्रि की सुबह पूजा-अर्चना की तैयारियों के बीच अचानक शिव मंदिर में सर्प के प्रकट होते ही श्रद्धालु इसे नाग देवता का दिव्य आगमन मानने लगे। सर्प शांत भाव से फन मारकर बैठा रहा, जिसे देखकर भक्तों ने भगवान शिव की पूजा और भी श्रद्धा के साथ प्रारंभ कर दी। यह दृश्य कुछ ही देर में पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया और दूर-दूर से लोग दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने लगे।
स्थानीय निवासी श्याम मिश्रा ने बताया कि उनके जीवन में यह पहला अवसर है जब महाशिवरात्रि के दिन शिवालय में नाग देवता का ऐसा दर्शन हुआ। उन्होंने कहा कि इसे भगवान शिव की विशेष कृपा माना जा रहा है। कई श्रद्धालुओं ने नाग देवता का विधिवत पूजन किया, कुछ लोगों ने दूध भी अर्पित किया। उल्लेखनीय है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी ने भी सर्प को कोई हानि नहीं पहुंचाई।
घटना के दौरान मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं का मानना है कि महाशिवरात्रि पर नाग देवता का इस प्रकार प्रकट होना शुभ संकेत है और यह दिन की पवित्रता को और भी विशेष बना गया।
मड़ापार शिव मंदिर में घटित यह घटना न केवल आस्था का विषय बनी, बल्कि महाशिवरात्रि के पर्व को भक्तों के लिए अविस्मरणीय भी बना गई।