अनियंत्रित भूसी लदे ट्रक ने मचाया कहर, तीन वाहनों को रौंदा; एक चालक घायल
रिपोर्ट: विनोद कुमार, सोनबरसा बाजार एवं जगदीशपुर (गोरखपुर)
गोरखपुर। गोरखपुर जनपद के पिपराइच ब्लॉक क्षेत्र में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। पिपराइच–सोनबरसा मार्ग पर महुअवा नाले के समीप अनियंत्रित भूसी लदे ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी दो नई मैजिक वाहनों और विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक ट्रक चालक घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिपराइच की ओर से आ रही भूसी लदी ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठी। अनियंत्रित ट्रक पहले अशरफ डेंटर वर्कशॉप के पास बॉडी बनवाने के लिए खड़ी दो नई मैजिक से टकराई, इसके बाद सामने से आ रही ट्रक को भी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद भूसी लदी ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके का फायदा उठाकर भूसी लदे ट्रक का चालक और खलासी फरार हो गए, जबकि विपरीत दिशा से आ रही ट्रक का चालक वाहन में फंस गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच भेजा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया और फरार चालक व खलासी की तलाश शुरू कर दी है। हादसे में तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है।
—