बहराइच में तैनात यूपी पुलिस के सब इंस्पेक्टर हरेंद्र यादव का हार्ट अटैक से निधन, गांव में शोक की लहर
जगदीशपुर निवासी थे उपनिरीक्षक, कुछ दिन पहले ही माता का हुआ था निधन
विनोद कुमार सोनबरसा बाजार गोरखपुर
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर गांव निवासी और उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हरेंद्र यादव (58) का सोमवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह वर्तमान में बहराइच में तैनात थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम वह बहराइच में अपने चालक के साथ कार में बैठे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। चालक द्वारा तत्काल आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों को सूचना दी गई। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों द्वारा परिजनों को अवगत कराया गया, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। उल्लेखनीय है कि बीते 14 फरवरी 2026 को ही हरेंद्र यादव की माता का भी निधन हुआ था, जिससे परिवार पहले से ही शोक में डूबा हुआ था। एक के बाद एक हुई इस दुखद घटना से परिजन पूरी तरह टूट गए हैं।
मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया। माड़ापार फरेन नाले पर पुलिस विभाग के अधिकारियों व जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। इसके बाद भारी संख्या में ग्रामीणों और शुभचिंतकों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
हरेंद्र यादव तीन भाइयों में मझले थे। उनके परिवार में एक पुत्र भांसु यादव और दो पुत्रियां तनु व मन्नू हैं। क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें एक सरल, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित पुलिस अधिकारी के रूप में याद किया।