झंगहा थाने का डीआईजी ने किया औचक निरीक्षण, होली–रमजान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था परखीं
महेंद्र चौधरी झंगहा गोरखपुर
झंगहा, गोरखपुर। पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. एस. चन्नप्पा ने गुरुवार सायं करीब 6:30 बजे झंगहा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनसुनवाई कक्ष, मिशन शक्ति डेस्क, त्योहार रजिस्टर, मैस, कार्यालय, बैरक और थाना परिसर की साफ-सफाई व व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। डीआईजी ने अभिलेखों के समुचित रखरखाव और परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
आगामी होली और रमजान पर्व को देखते हुए सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। इसी क्रम में झंगहा चौराहे पर फ्लैग मार्च कर संवेदनशील स्थलों की निगरानी और पुलिस की तत्परता का संदेश दिया गया। डीआईजी ने पर्वों के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ाने, गश्त तेज करने तथा त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय चौरीचौरा के क्षेत्राधिकारी रत्नेश्वर सिंह, थानाध्यक्ष अनूप सिंह, एसएसआई अश्वनी चौबे, एसआई अशरद खां सहित अन्य अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।