शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप, कोर्ट मैरिज का दिया गया आश्वासन
कमलेश कुमार मोतीराम अड्डा गोरखपुर
मोतीराम अड्डा, सहजनवा थाना क्षेत्र के माट बाजार निवासी काजल जायसवाल पुत्री विनोद जायसवाल ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और बाद में मुकरने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़िता वर्तमान में मोतीराम अड्डा क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है।
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2020 में उसकी मुलाकात राजेश पटवा पुत्र छेदीलाल पटवा, निवासी मिलन चौराहा मोतीराम अड्डा से हुई थी। वर्ष 2021 में युवक ने मंदिर में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने और जीवनभर साथ निभाने का वादा किया। इसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह मिलते-जुलते रहे।
युवती का आरोप है कि युवक ने मकान बनने के बाद साथ रखने का भरोसा दिया था। वर्ष 2025 के अंत तक मकान बन जाने के बावजूद जब उसने साथ ले जाने की बात कही तो युवक टालमटोल करने लगा। पीड़िता ने बताया कि 28 फरवरी 2026 को जब वह युवक के घर पहुंची तो उसके परिजनों ने गाली-गलौज कर भगा दिया। आरोप है कि युवक के बड़े भाई संतोष पटवा ने जान से मरवाने की धमकी भी दी।
सूचना मिलने पर मोतीराम अड्डा पुलिस चौकी इंचार्ज सौरभ सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। चौकी इंचार्ज द्वारा एक सप्ताह के भीतर कोर्ट मैरिज कराने का आश्वासन दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले पर निगरानी रखी जा रही है।