कुसम्ही जंगल में दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से सिपाही की मौत, होली मनाने जा रहे थे घर
विनोद कुमार सोनबरसा बाजार गोरखपुर ।
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के कुसम्ही जंगल स्थित तुर्रा नाला के पास बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही की मौत हो गई। हादसे के समय वह होली मनाने के लिए अपने घर देवरिया जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के सोहनरिया गांव निवासी विवेक कुमार सिंह (लगभग 30 वर्ष) उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर तैनात थे। उनकी मूल तैनाती संतकबीरनगर में थी, जबकि वर्तमान में वह गोरखपुर स्थित एडीजी जोन कार्यालय में अटैच थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे विवेक कुमार सिंह बाइक से गोरखपुर से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान कुसम्ही जंगल के तुर्रा नाला के समीप एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई।
घटना की सूचना मिलने पर एम्स थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल सिपाही को तत्काल एम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि पुलिस ने कार और चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।