हाईटेंशन तार की चपेट में आया LPG टैंकर, लगी आग; चालक ने कूदकर बचाई जान
रिपोर्ट: विनोद कुमार, सोनबरसा बाजार एवं जगदीशपुर, गोरखपुर
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के कोनी तिराहे के पास हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से एक एलपीजी टैंकर में आग लग गई, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते चालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल से नेपाल की ओर जा रहा एलपीजी टैंकर कोनी तिराहे के पास स्थित बुलडोजर ढाबा के समीप पहुंचा ही था कि ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया। इससे टैंकर के टायर में आग लग गई और देखते ही देखते धुआं उठने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। एहतियातन कुशीनगर-गोरखपुर और गोरखपुर-लखनऊ मार्ग सहित आसपास के रास्तों पर कुछ समय के लिए आवागमन रोक दिया गया। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारु किया गया।
टैंकर चालक दुर्गा प्रसाद निवासी जिगना हबीबपुर थाना त्रिलोकपुर, जिला सिद्धार्थनगर ने मौके की गंभीरता को देखते हुए तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। राहत की बात यह रही कि आग टैंकर में भरे गैस सिलेंडरों तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।