Go!
कुहासे में फोरलेन पर भीषण टक्कर, पाँच वाहन आपस में भिड़े, दर्जनों यात्री घायल

कुहासे में फोरलेन पर भीषण टक्कर, पाँच वाहन आपस में भिड़े, दर्जनों यात्री घायल

 

रिपोर्ट : विनोद कुमार, सोनबरसा बाजार (गोरखपुर)

गोरखपुर/एम्स थाना क्षेत्र के सोनबरसा बाजार अंतर्गत बेलवा खुर्द गांव के सामने मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे घने कुहासे के कारण फोरलेन पर बड़ा हादसा हो गया। दृश्यता कम होने से पाँच वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें दो बसों में सवार दर्जनों यात्रियों को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक फोरलेन पर यातायात पूरी तरह ठप रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेलवा खुर्द गांव के सामने फोरलेन पर बीते चार दिनों से एक इंजन खराब कंटेनर खड़ा था। आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा उसके पीछे कोई सेफ्टी ब्रेकर या चेतावनी संकेत नहीं लगाया गया था। मंगलवार सुबह घने कुहासे के बीच एक निजी बस उस खड़े कंटेनर से टकरा गई, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
इसी दौरान पीछे से आ रही एक अनुबंधित बस, आगे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। इसके तुरंत बाद अनुबंधित बस के पीछे से एक अन्य कंटेनर भी टकरा गया। इस श्रृंखलाबद्ध दुर्घटना में कुल पाँच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में दिल्ली से बिहार जा रही निजी बस में सवार करीब 50 यात्रियों तथा गोरखपुर से पड़रौना जा रही अनुबंधित बस में सवार 27 यात्रियों में से कई को हल्की चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि सभी वाहनों के चालक और खलासी सुरक्षित बच गए।
सूचना मिलते ही सोनबरसा चौकी पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद करीब आधे घंटे में यातायात पूरी तरह बहाल हो सका।
स्थानीय लोगों ने एनएचएआई की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए सड़क पर खड़े खराब वाहनों के पीछे तत्काल सुरक्षा उपाय और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

| |
Leave a comment
DUBB

Comment

Advertisement

Test Sidebar Ad

क्या है तहकीकात डिजिटल मीडिया

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।

© Tahkikaat News 2017. All Rights Reserved. Tahkikaat Digital Media Pvt. Ltd. Designed By: Dizital Dreams