आत्मरक्षा हेतु ताइक्वांडो प्रशिक्षण का शुभारंभ कुशीनगर।
कुशीनगर प्रतिनिधि
कुशीनगर। छात्र-छात्राओं की आत्मरक्षा को ध्यान में रखते हुए टी.पी चिल्ड्रन एकेडमी, भगवानपुर भरवलिया, सुकरौली में ताइक्वांडो (कोरियन कराटे) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण में विद्यालय के कुल 135 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व ताइक्वांडो कोच डॉ. राजकुमार मौर्य एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रतिभा गौतम के नेतृत्व में किया जा रहा है।
इस अवसर पर ताइक्वांडो कोच डॉ. राजकुमार मौर्य ने बताया कि ग्रामीण अंचल में बच्चों को आत्मरक्षा का सशक्त मंच उपलब्ध कराना उनका मुख्य उद्देश्य है, ताकि छात्र-छात्राएं न केवल स्वयं की सुरक्षा कर सकें, बल्कि ताइक्वांडो खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो प्रशिक्षण बच्चों को अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर स्वास्थ्य की ओर अग्रसर करता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती आरती गुप्ता ने कोच डॉ. राजकुमार मौर्य एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रतिभा गौतम की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आकर बच्चों को पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण देना प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं के लिए ताइक्वांडो प्रशिक्षण को आवश्यक बताते हुए कहा कि इससे वे आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनेंगी।
विद्यालय के निदेशक शुभम गुप्ता ने कहा कि विद्यालय का निरंतर प्रयास है कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया जाए। छात्रों का सर्वांगीण विकास ही विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है।