आदित्य पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय स्काउट–गाइड प्रशिक्षण का समापन, बच्चों में कौशल व अनुशासन पर जोर
महेंद्र चौधरी झंगहा गोरखपुर
गोरखपुर। भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश जनपद मुख्यालय गोरखपुर के जिला मुख्यायुक्त राम जन्म सिंह एवं जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह के दिशा-निर्देश पर आदित्य पब्लिक स्कूल, झगहा में आयोजित प्रवेश/प्रथम तीन दिवसीय स्काउट–गाइड प्रशिक्षण का समापन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विद्यालय के डायरेक्टर सौरभ कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता उपप्रधानाचार्या सीमा चौरसिया ने की। अतिथियों ने स्काउट–गाइड टीम द्वारा बनाए गए टेंट, गेट, कुकिंग, गैजेट सहित अन्य गतिविधियों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सौरभ कुमार सिंह ने कहा कि स्काउट–गाइड प्रशिक्षण बच्चों को अनुशासित जीवन जीने, विषम परिस्थितियों में कम संसाधनों के साथ जीवन यापन की कला सिखाता है तथा राष्ट्रहित में एक सुयोग्य नागरिक के रूप में तैयार करता है। उन्होंने सभी विद्यालयों में स्काउट–गाइड प्रशिक्षण को अनिवार्य किए जाने पर बल दिया।
विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने स्काउट–गाइड गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों में विभिन्न प्रकार के कौशल और कलाओं का विकास होता है। उन्होंने विद्यालय में सप्ताह में एक दिन स्काउट–गाइड गतिविधियों के लिए कक्षा संचालित किए जाने की बात कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं उपप्रधानाचार्या सीमा चौरसिया ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्काउट–गाइड प्रशिक्षण से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है, इसलिए यह सभी विद्यालयों में आवश्यक है।
जिला मुख्यालय से आए स्काउट प्रशिक्षक राजू मौर्य ने बताया कि स्काउट–गाइड प्रशिक्षण में आपदा प्रबंधन, प्राथमिक सहायता, रस्सी का उपयोग तथा कम संसाधनों में जीवन जीने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है। इस दौरान बेस्ट स्काउट–गाइड प्रतिभागी जीविका सिंह, ऋत्वी, सलोनी यादव, शिवम और नितिन को शील्ड व मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन संजय कुमार सिंह, हिमांशु दुबे, शिव सहाय शुक्ल, हुसैन, सोनू प्रजापति, अनिल शर्मा, रोहित शर्मा, शालिनी पांडेय, वीना तिवारी, मनीषा यादव, रुचि कुमारी, प्रकृति निधि, रंजना, प्रीति मल्ल सहित विद्यालय का स्टाफ एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।