सोनबरसा बाजार में चोरों का तांडव, दो दुकानों व एक मकान से नकदी-सामान समेत 75 हजार की चोरी
रिपोर्ट — विनोद कुमार (सोनबरसा बाजार)
गोरखपुर के सोनबरसा बाजार में रविवार की रात चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। एम्स थाना क्षेत्र अंतर्गत सरदारनगर रोड पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सामने चोरों ने दो दुकानों के शटर और एक मकान का ताला तोड़कर करीब 10 हजार रुपये नकद समेत लगभग 75 हजार रुपये का सामान पार कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जनपद के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पगरा गांव निवासी ऋषि यादव की सरदारनगर रोड स्थित ऋषि फोटो स्टूडियो की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। शटर का ताला तोड़कर काउंटर में रखे 5 हजार रुपये नकद तथा लगभग 60 हजार रुपये कीमत का कैमरा चोरी कर लिया।
इसके बाद चोरों ने पास ही स्थित पिपराइच क्षेत्र के बसडीला रौसढ़ निवासी जगरनाथ यादव की मिठाई की दुकान का शटर तोड़कर 4 हजार रुपये नकद और करीब 3 हजार रुपये की मिठाई चुरा ली।
चोर यहीं नहीं रुके। सीढ़ी के रास्ते छत पर चढ़कर उन्होंने चौरीचौरा क्षेत्र के महुअवा बुजुर्ग निवासी सिद्धार्थ पाण्डेय के मकान के दरवाजे का ताला तोड़ा और कमरे में रखे 4 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित दुकानदारों ने सोनबरसा पुलिस चौकी को अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोग रात्रि गश्त बढ़ाने और शीघ्र खुलासे की मांग कर रहे हैं।